नौगढ़ मधुपुर मार्ग पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत

सड़क हादसे में छिन गया परिवार का सहारा: नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर सीएनजी वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की दर्दनाक मौत।



रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़ चंदौली 



थाना नौगढ़: नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर जयमोहिनी पोस्ता के पास सोमवार को एक अनियंत्रित सीएनजी ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार अधेड़ की जान चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगा, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनभद्र जिले के ग्राम औरहवा निवासी सीताराम बिंद (45 वर्ष) अपनी बाइक से नौगढ़ से मधुपुर की ओर जा रहे थे। तभी सामने (मधुपुर) से आ रहे सीएनजी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों का जमावड़ा लग गया।

अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सीताराम अपने पीछे बिलखती पत्नी बदामी, दो बेटों—अखिलेश (22 वर्ष) और जनक (18 वर्ष)—तथा परिजनों को छोड़ गए हैं। बेटों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने भरा पंचनामा, विधिक कार्रवाई शुरू

अस्पताल परिसर में पहुंचे मृतक के भाई बसंत और अन्य ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ